सीतामढ़ी: मतदाता सूची पुनरीक्षण पर जिलाधिकारी ने की बैठक, जेंडर रेशियो सुधार पर विशेष जोर


सीतामढ़ी: मतदाता सूची पुनरीक्षण पर जिलाधिकारी ने की बैठक, जेंडर रेशियो सुधार पर विशेष जोर

सीतामढ़ी: समाहरणालय स्थित विमर्श कक्ष में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी श्री रिची पांडेय की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य पुनरीक्षण अवधि एवं सतत अद्यतन प्रक्रिया के तहत प्राप्त दावों और आपत्तियों की समीक्षा करना था।

नए नाम शामिल, विलोपित और संशोधन का विवरण
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने जानकारी दी कि वर्ष 2024 में जिले में कुल 71,346 नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं। इसके अतिरिक्त, मृत एवं दोहरी प्रविष्टि वाले 18,614 मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं। वहीं, नाम, पता, या अन्य जानकारी में संशोधन हेतु 40,718 आवेदन स्वीकृत किए गए हैं।
जेंडर रेशियो पर चिंता और सुधार के लिए निर्देश
बैठक में बताया गया कि सीतामढ़ी जिले का जेंडर रेशियो अब भी बिहार राज्य के औसत से कम है। इसे सुधारने के लिए जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने निर्वाचक निबंधन अधिकारियों को 18-19 आयु वर्ग के युवाओं और छूटे हुए महिला मतदाताओं पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने अभियान चलाकर अधिक से अधिक महिलाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल करने को कहा।

बीएलओ और एईआरओ की भूमिका पर जोर
श्री पांडेय ने बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) और एईआरओ (असिस्टेंट इलेक्शन रजिस्ट्रेशन ऑफिसर) के साथ नियमित समीक्षात्मक बैठक करने का निर्देश दिया। साथ ही सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अनुरोध किया कि वे अपने बीएलए (बूथ लेवल एजेंट) को सक्रिय करें और बीएलओ के साथ मिलकर इस अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।

बैठक की शुरुआत में जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी उपस्थित पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता और समावेशिता सुनिश्चित करने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा।

बैठक में सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, बीएलओ, एईआरओ और सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

 तिरहुत लाइव सीतामढ़ी ब्यूरो चीफ उमेश ठाकुर की रिपोर्ट 


टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

तरियानी :- प्रशांत किशोर की 'बदलाव यात्रा' में उमड़ा जनसैलाब

अंतरराष्ट्रीय सहकारिता वर्ष 2025 पर सीतामढ़ी को-ऑपरेटिव बैंक का बड़ा आयोजन, दो पैक्स अध्यक्षों को मिलेगा माइक्रो एटीएम

शिवहर में प्रशांत किशोर का हुंकार, बोले – बच्चों की शिक्षा और रोजगार के लिए करें मतदान