नए साल पर ठंड का कहर, अलाव का सहारा लेने पर मजबूर हुए लोग
नए साल पर ठंड का कहर, अलाव का सहारा लेने पर मजबूर हुए लोग
शिवहर: नए वर्ष 2025 का स्वागत जहां उत्साह और उमंग के साथ हुआ, वहीं ठंड के प्रकोप ने लोगों को घरों में दुबकने पर मजबूर कर दिया है। मंगलवार को सुबह से ही पछुआ हवाओं के कारण जिले में ठंड और कनकनी ने जोर पकड़ लिया।
सुबह से तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। बाजार, सड़कों और चौक-चौराहों पर लोगों को अलाव जलाकर ठंड से राहत पाने की कोशिश करते देखा गया। खासकर बुजुर्ग और बच्चे ठंड से ज्यादा परेशान हैं।
अलाव बना सहारा
ठंड से बचने के लिए जिला प्रशासन की ओर से प्रमुख स्थानों पर अलाव जलाने की व्यवस्था की गई है। हालांकि, यह इंतजाम कई जगहों पर नाकाफी साबित हो रहे हैं। शिवहर के बाजार चौक, बस स्टैंड और ग्रामीण इलाकों में लोग खुद लकड़ी और कचरा जलाकर अलाव ताप रहे हैं।
किसानों की बढ़ी चिंता
कनकनी का असर खेतों में काम कर रहे किसानों पर भी देखने को मिल रहा है। ठंड के कारण सुबह खेतों में जाने वाले किसान देर तक घरों में रुकने को मजबूर हैं, जिससे खेती-किसानी के कामों पर असर पड़ रहा है।
जनता ने की अतिरिक्त इंतजाम की मांग
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से अधिक संख्या में अलाव और जरूरतमंदों के लिए गर्म कपड़े वितरित करने की मांग की है। समाजसेवी संगठनों से भी ठंड के इस दौर में सहायता की अपेक्षा की जा रही है।
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है। लिहाजा, लोगों को सावधानी बरतने और विशेषकर बच्चों व बुजुर्गों को ठंड से बचाने की सलाह दी गई है।
तिरहुत लाइव ब्यूरो चीफ नीतेश गिरी की रिपोर्ट
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें